Mumbai ATS Action: रैपिडो राइडर मोहम्मद हसन गिरफ्तार, JeM से कनेक्शन का आरोप

Mumbai ATS Arrests Rapido Rider Over Suspected JeM Link

महाराष्ट्र आतंकवाद निरोधी दस्ते (ATS) ने मुंबई के माहिम इलाके में कार्रवाई करते हुए 33 वर्षीय मोहम्मद हसन अबू सरमद अख्तर को गिरफ्तार किया है। ATS के अनुसार, आरोपी के प्रतिबंधित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद (JeM) से जुड़े होने का संदेह है।

ATS की कालाचौकी यूनिट ने कथित तौर पर गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी को माहिम मेट्रो स्टेशन के पास से पकड़ा। जांच एजेंसी का दावा है कि वह रैपिडो राइडर और इत्र विक्रेता के तौर पर काम करता था और इसी दौरान सोशल मीडिया के जरिए कथित तौर पर कट्टरपंथी विचारधारा का प्रचार कर रहा था।

टेलीग्राम ग्रुप से सामने आई कथित गतिविधियां

जांच के दौरान आरोपी के मोबाइल फोन से कथित तौर पर ऐसी सामग्री मिलने की बात सामने आई है, जिसे ATS ने आपत्तिजनक और कट्टरपंथी गतिविधियों से जोड़ा है। एजेंसी के मुताबिक, आरोपी एक टेलीग्राम ग्रुप संचालित करता था।

ATS का आरोप है कि इस ग्रुप में 1 जून को जैश-ए-मोहम्मद प्रमुख मसूद अजहर के कथित भड़काऊ ऑडियो भाषण अपलोड किए गए थे। इन भाषणों में बाबरी मस्जिद समेत अन्य संवेदनशील मुद्दों का जिक्र होने की बात कही गई है।

पाकिस्तान समर्थित टेलीग्राम चैनल से जुड़ाव का दावा

महाराष्ट्र ATS के मुताबिक, आरोपी ‘इब्न-ए-कासिम’ नाम के पाकिस्तान समर्थित चरमपंथी टेलीग्राम चैनल का सक्रिय सदस्य भी था। एजेंसी अब आरोपी के डिजिटल नेटवर्क और कथित संपर्कों की जांच कर रही है।

पहले भी महाराष्ट्र में हुई थी छापेमारी

इस मामले की जांच के दौरान महाराष्ट्र ATS ने 14 अक्टूबर को राज्य में कई स्थानों पर कार्रवाई की थी। एजेंसी ने अलग-अलग जगहों पर छापेमारी कर कई लोगों से पूछताछ की थी।

रत्नागिरी जिले के राजापुर में एक शिक्षक से भी कई घंटे पूछताछ की गई थी, हालांकि पूछताछ के बाद उसे छोड़ दिया गया। जांच के दौरान एक अंतरराष्ट्रीय WhatsApp ग्रुप का भी पता चलने की बात सामने आई, जिसमें पाकिस्तान और खाड़ी देशों समेत कई देशों के लोग जुड़े होने का दावा किया गया है।

ATS अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इन ऑनलाइन समूहों और संदिग्ध संपर्कों का किसी प्रतिबंधित आतंकी संगठन से कोई संबंध है या नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *