टूर्नामेंट में भाग लेने वाली सभी 6 अंतरराष्ट्रीय टीमें पंजाब पहुंचीं; 27 अक्टूबर से जालंधर और मोहाली में होगा महामुकाबला
एसएएस नगर (मोहाली), 25 अक्टूबर 2026:
आगामी 27 अक्टूबर से 5 नवंबर 2026 तक पंजाब के जालंधर और मोहाली में आयोजित होने जा रही प्रतिष्ठित ‘एशियन चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी टूर्नामेंट’ में हिस्सा लेने के लिए दक्षिण कोरियाई पुरुष हॉकी टीम (20 सदस्यीय दल) मोहाली के शहीद भगत सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंच गई है।
इसके साथ ही टूर्नामेंट में भाग लेने वाली सभी छह प्रमुख अंतरराष्ट्रीय टीमें पंजाब पहुंच चुकी हैं। हवाई अड्डे पर खेल विभाग के अधिकारियों द्वारा ढोल की थाप, पारंपरिक भांगड़े की प्रस्तुति और रंग-बिरंगी फुलकारियों के साथ मेहमान खिलाड़ियों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार ने सभी टीमों के लिए विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचे, ठहरने, सुरक्षा और परिवहन के बेहतरीन प्रबंध किए हैं। यह टूर्नामेंट 27 अक्टूबर को जालंधर के ओलंपियन सुरजीत हॉकी स्टेडियम से शुरू होकर 5 नवंबर को मोहाली के ओलंपियन बलबीर सिंह सीनियर स्टेडियम में संपन्न होगा।
