प्रदेश स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री का बड़ा ऐलान; ‘मेक इन हरियाणा इंडस्ट्रियल पॉलिसी 2026’ के जरिए ₹5 लाख करोड़ के निवेश का लक्ष्य।
हिसार / चंडीगढ़:
महर्षि वाल्मीकि जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में पहुंचे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हिसार में वाल्मीकि छात्रावास के निर्माण और सुविधाओं के विस्तार के लिए 31 लाख रुपये का अनुदान देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार अनुसूचित जाति वर्ग और वंचित समाज के अधिकारों की रक्षा, शिक्षा के प्रसार और सम्मानजनक जीवन के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने राज्य के आर्थिक और औद्योगिक रोडमैप को साझा करते हुए कहा कि ‘मेक इन हरियाणा इंडस्ट्रियल पॉलिसी-2026’ के माध्यम से राज्य सरकार विनिर्माण क्षेत्र को नई ऊर्जा देने जा रही है। इस नीति के तहत हरियाणा में 5 लाख करोड़ रुपये के नए निवेश को आकर्षित करने और वर्ष 2030-31 तक युवाओं के लिए 10 लाख से अधिक रोजगार के अवसर पैदा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए वे जल्द ही गुजरात दौरे पर जाकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय निवेशकों के साथ रणनीतिक बातचीत करेंगे।
